अखिल भारतीय आयुध एवं आयुध उपस्कर निर्माणियों का कबड्डी टूर्नामेंट गत वर्ष की चैंपियन वेस्ट जोन ने फिर जीत लिया है। ओसीएफ के स्पोर्ट्स कांपलेक्स में दर्शकों के भारी शोर-शराबे केे बीच वेस्ट जोन ने अपने परंपरागत प्रतिद्वंदी साउथ जोन को कड़े संघर्ष के बाद 24-16 अंकों से पराजित कर चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। समापन पर मुख्य अतिथि दीपशिखा महिला कल्याण समिति की प्रभारी अध्यक्ष केएन महालक्ष्मी ने विजेता और उप विजेता टीम को पुरस्कृत किया।
बुधवार को कबड्डी का रोमांच देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक जुटे। रेफरी की लंबी सीटी बजते ही दोनों टीमें मैदान में उतर पड़ीं। फिर अपनी श्रेष्ठता साबित करने और टूर्नामेंट पर कब्जा जमाने के लिए दोनों टीमों ने दमखम के साथ दांव-पेंच भी खूब आजमाए। दर्शकों ने खिताबी भिड़ंत का भरपूर आनंद लिया। अंतत: जीत वेस्ट जोन के हिस्से ही आई। रेफरी की भूमिका उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन से नियुक्त किए गए नेशनल रेफरी पीसी यादव, आईए सिद्दीकी, अरुण गौतम, प्रेम चौरसिया, शराफत अली, प्रेम सिंह ने निभाई।
खेल अधिकारी सौरभ सिंह ने टूर्नामेंट की रिपोर्ट प्रस्तुत की। ओसीएफ के प्रभारी अधिकारी के सत्यनारायणा ने सभी खिलाड़ियों, कोच, टीम मैनेजर, रेफरी, व्यवस्थापकों आदि के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक सुकुमार रथ, एके प्रसाद, एस डोएफोडे, डी कुहन, पीके सूरी, सीएमओ डॉ. एके बर्मन, एसक्यूएओ कर्नल डीबीएस कुशवाहा समेत अन्य अधिकारी जेसीएम, कार्यसमिति, यूनियन, एसोसिएशन आदि के पदाधिकारी मौजूद रहे।
व्यवस्था में एमएमजेड चुगताई, राजेश कंचन, राजीव कंचन, हरी प्रकाश, आसिफ अली, एचडी भट्ट, अमर सिंह, एके मौर्या, महेश, आशीष कुमार, डब्बू सिंह, शांती सिंह, गोविंद कृष्ण वाजपेयी, एसएम अजमल आदि का योगदान रहा।