जलालाबाद। साप्ताहिक बाजार में लोग खरीदारी के लिए सोमवार सुबह लोग निकले तो नगर की सभी सड़कें जाम हो गईं। नगर के मुख्य चौराहे से लेकर खंडहर रोड और तहसील मार्ग पर तो सुबह से दोपहर बाद तक वाहनों की कतार लगी रही। इससे लोगों को काफी असुविधा हुई, लेकिन प्रशासन इस समस्या से निपटने के लिए गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
नगर में प्रत्येक सोमवार और बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बाजार लगती है। इसमें सब्जी, किराना, अनाज आदि की खरीदारी करने के लिए नगर के अलावा आसपास के कई गांवों से सैकड़ों लोग आते हैं। खंडहर रोड पर सरकारी बस अड्डा और इसी के आगे मंडी समिति है। तहसील मार्ग पर कोतवाली, दो बैंक तथा आगे ब्लाॅक कार्यालय होने से यह दोनों मार्ग भी यातायात से काफी व्यस्त रहते हैं। हाईवे के किनारे बने नाले पर फल, सब्जी, चाट आदि के विक्रेता अपने ठेले लगाकर कब्जा जमाए रहते हैं।
यही नहीं, हाईवे की पटरी समेत उसकी एक लेन पर सवारियों की तलाश में ई-रिक्शा व अन्य डग्गामार वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। खंडहर और तहसील रोड पर दुकानों का अतिक्रमण और उनके सामने वाहन खड़े कर दिए जाने से आवागमन को सीमित जगह ही बचती है।सोमवार को साप्ताहिक बाजार के दिन सड़कों पर जाम के हालात बन गए। लोगों का मानना है कि प्रशासन अतिक्रमण करने वालों पर सख्ती करे तो जाम से निजात मिल सकती है, लेकिन सड़कों की पटरियां और फुटपाथ घेरने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों के शिकायत करने पर प्रशासन अतिक्रमण हटाने की चेतावनी की घोषणा कराकर अपना पल्ला झाड़ लेता है। एसडीएम रवींद्र कुमार के अनुसार ईओ को निर्देशित कर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।