फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: सहालग कल से...सिलिंडर की चिंता में डूबे शादी वाले घर

विज्ञापन
संतोष श्रीवास्तव खेड़ारठ, जैतीपुर
विज्ञापन
शाहजहांपुर। खरमास के बाद सहालग बुधवार से शुरू हो रहे हैं लेकिन गैस संकट खत्म न होने की आशंका में शादी वाले घरों में सिलिंडर की व्यवस्था सबसे बड़ी चिंता है। शासन की ओर से शादी वाले परिवारों को आवेदन करने पर मांग के अनुसार व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है, लेकिन इस व्यवस्था का प्रचार-प्रसार नहीं कराए जाने से लोग असमंजस में हैं।
विज्ञापन

पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के असर से रसोई गैस और फ्यूल का संकट बरकरार है। 14 अप्रैल से सहालग शुरू हो रहे हैं। जिन लोगों के घर शादी है, वे अधिक दाम देकर भी सिलिंडर खरीदने के लिए तैयार हैं लेकिन मिल नहीं रहा है। व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति बेहद कम है। जो सिलिंडर आ भी रहे हैं वह पहले से निर्धारित कोटे में चले जाते हैं।
ऐसे में एकमात्र रास्ता घरेलू सिलिंडर रह गए हैं। सिलिंडरों की बुकिंग तिथि बढ़ जाने से सामान्य रूप से लोग 25 दिनों से पहले बुकिंग नहीं करा सकते। पास-पड़ोस और रिश्तेदारों से लोग सिलिंडर मांग रहे हैं। खासतौर पर उन लोगों से मदद की उम्मीद की जा रही है जिनके पास दो सिलिंडर हैं।
विज्ञापन

आमतौर पर सामान्य परिवार में सिलिंडर 30 से 40 दिन तक चल जाता है। ऐसे में 25 दिन की बाध्यता होने के कारण लोग बुकिंग कराकर दूसरे को सिलिंडर उपलब्ध कराने में संकोच कर रहे हैं। ऐसे में लोग शादी समारोह में बनने वाले व्यंजनों में कटौती कर रहे हैं जिनमें सिलिंडर की जरूरत होती है। टिक्की, चाट, चाउमीन, दूध, तवा सब्जी आदि के काउंटर कम किए जा रहे हैं। कारीगरों के मुताबिक ऐसे में अब भट्ठी पर खाना बनाना पड़ेगा। इससे खाना बनाने में दिक्कत और देरी होगी।


समय सीमा हुई निर्धारित, विभाग से नहीं कोई मदद
जिनके पास एक सिलिंडर है, उनकी बुकिंग 25 दिन में होगी। जिनके पास दो सिलिंडर हैं, उनकी बुकिंग 35 दिन में होगी। गांवों में यह समय सीमा 45 दिनों की है। व्यावसायिक सिलिंडर का भी कोटा निर्धारित कर दिया गया है। कनेक्शनधारकों को ही सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। पहले आपस में एक-दूसरे से सिलिंडर लेकर काम चल जाता था, लेकिन अब सिलिंडर की उपलब्धता कम होने की वजह से लोग एक-दूसरे की मदद नहीं कर पा रहे हैं।

कम कराए आइटम
सिलिंडर के संकट के कारण लोगों ने जहां खाने-पीने के व्यंजन कम करा दिए हैं वहीं लकड़ी से खाना बनाने के लिए कह रहे हैं। इससे कैटरिंग का काम करने वाले लोगों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। कैटरिंग का काम करने वाले राजू ने बताया कि सब्जियों की वैरायटी भी लोगों ने कम की है। भट्ठी का इस्तेमाल बढ़ गया है। निगोही के मोहल्ला रामनगर बगिया के रहने वाले रामलखन मिश्रा ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 19 अप्रैल है। खाना बनाने वाले भी लकड़ी से खाना बनाने के लिए तैयार नहीं हैं। लकड़ी के भाव भी आसमान को छू रहे हैं।

शादी के लिए दी जा रही व्यावसायिक सिलिंडर की सुविधा
सहालग को देखते हुए प्रशासन की ओर से शादी वाले परिवारों के प्रार्थना-पत्र पर जरूरत के हिसाब से सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके लिए डीएम कार्यालय में आवेदन करना होगा। इसके बाद पूर्ति विभाग संबंधित एजेंसी से व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध कराएगा। पूर्ति विभाग के मुताबिक अब तक कम से कम 200 से 300 आवेदन आ चुके हैं। सिलिंडर दिलाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

किल्लत को देखते हुए छोटे सिलिंडर के होने लगे कनेक्शन
गैस किल्लत से पहले छोटे सिलिंडर के कनेक्शन नहीं होते थे। अब रोजाना जनपद में 60 से 70 कनेक्शन हो रहे हैं। इसमें अधिकतर दूसरे शहरों से नौकरी करने आए लोग या शहर में रहकर पढ़ाई करने वाले लोग शामिल हैं। कुछ छोटे परिवार भी छोटे सिलिंडर का कनेक्शन ले रहे हैं।


23 अप्रैल को मेरा तिलक समारोह है। बगैर बुकिंग के सिलिंडर नहीं मिल रहा है। 45 दिन में एक सिलिंडर बुक होगा जबकि कई की जरूरत है। ज्यादा रुपये खर्च करने पर भी सिलिंडर नहीं मिल रहा।

- हरिओम, गांव आलमपुर पिपरिया, बंडा

30 अप्रैल को बेटे की शादी है। इससे पहले भी घर में कई कार्यक्रम होंगे। सिलिंडर की बहुत जरूरत है लेकिन मिल नहीं रहा। लोगों से कहा है मगर गांव में 45 दिनों में बुकिंग हो रही है।

-संतोष श्रीवास्तव खेड़ारठ, जैतीपुर

शादी या अन्य समारोह के लिए शासन की ओर से आवेदन करने पर व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था की गई है। छोटे सिलिंडर के पहले कनेक्शन बहुत कम होते थे अब इनके कनेक्शन भी हो रहे हैं। घरेलू सिलिंडर की बुकिंग कराए जाने पर दो दिन में रिफिल उपलब्ध हो रही है।
विज्ञापन

- चमन शर्मा, डीएसओ

संतोष श्रीवास्तव खेड़ारठ, जैतीपुर

संतोष श्रीवास्तव खेड़ारठ, जैतीपुर

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें