शाहजहांपुर में मंगलवार को तेज धूप और गर्म हवा के अंधड़ चलने से दिन में कम लोगों के निकलने से घंटाघ?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। होली के बाद से मौसम ने तेवर एकाएक तीखे कर दिए हैं। हालांकि, अप्रैल जैसी गर्मी का अहसास लोगों को होली के दो सप्ताह पहले से हो रहा है। दिन में अधिकतम तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस पहले से ही अधिक चल रहा था, लेकिन मंगलवार सुबह से तेज धूप निकलने और दिन मेें 11 बजे के बाद से उत्तर-पश्चिमी हवाओं का वेग बढ़ा तो हवा ने अंधड़ का रूप ले लिया।
शुष्क गर्म हवा से वातावरण में घुली आर्द्रता में कमी आई तो धूप भी ज्यादा तीखी होने लगी और बीते दो दिन की तुलना मेें अधिकतम तापमान पांच डिग्री उछलकर 38.5 डिग्री सेल्सियस हो गया। इस वजह से दोपहर से शाम चार बजे तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार वायु दाब में भारी गिरावट को देखते हुए बुधवार को भी दिन भर तेज अंधड़ चलेंगे और तापमान में वृद्धि जारी रहने का अनुमान है।
इससे पहले गत 22 मार्च की रात मौसम ने करवट बदली, जब वायुदाब सामान्य से करीब 20 अंक ज्यादा होने पर बादल चमकने-गरजने के साथ बूंदाबांदी होने लगी। सुबह तक बूंदाबांदी होने के बावजूद दिन में धूप निकलने पर अधिकतम तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आई। बूंदाबांदी से पुरवा हवा में नमी का समावेश हुआ तो रात में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री से घटकर 16-17 डिग्री के आसपास झूलने लगा। दो दिन पहले तक अधिकतम तापमान भी 32 से 33 डिग्री तक सीमित रहा, लेकिन रविवार रात से वायुदाब में गिरावट आनी शुरू हुई तो बीते दिन न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री बढ़कर 18.9 डिग्री सेल्सियस हो गया। यही नहीं, बीते दिन तेज धूप से अधिकतम तापमान 4.2 डिग्री उछलकर 37.2 डिग्री सेल्सियस हो गया।
सोमवार रात से बादल छाए होने और हवा कम चलने से मंगलवार को सुबह फिर न्यूनतम तापमान लगभग एक डिग्री बढ़कर 19.7 डिग्री सेल्सियस हो गया। दिन में तीखी धूप से हवा के अंधड़ गर्म हुए तो अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री के उच्चतम बिंदु पर पहुंच गया। इस वजह से होली मिलन का उत्साह फीका पड़ गया, क्योंकि गर्मी और लू जैसी हवा से बचने के लिए ज्यादातर लोग दोपहर से शाम तक घरों में बने रहे। दिन ढलान की ओर होने पर होली मिलन के लिए लोग घरों से बाहर निकले और तभी सड़कों पर चहल-पहल लौटी।
गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार बीते 12 घंटे के दौरान बैरोमीटर की रीडिंग में 67 अंक की अप्रत्याशित गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि वायुदाब में भारी कमी के कारण बुधवार को भी सुबह से हवा की गति असामान्य बनी रहेगी और दिन में धूप निकलने से तापमान में वृद्धि जारी रहने के संकेत मिल रहे हैं।