शाहजहांपुर में बादल छाए तो दिन में रात हो गई। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से वायुदाब में बृहस्पतिवार शाम अचानक 22 अंक की बढ़ोतरी हुई तो शुक्रवार को सुबह से मौसम का मिजाज बदल गया। हवा की रफ्तार धीमी पड़ने से बादल छाए तो उसने धूप का रास्ता रोक लिया। जिससे वातावरण में उमस पैदा हो गई। यही नहीं, दोपहर बाद उत्तर-पश्चिमी हवा के झोंके माहौल को ठंडा करने लगे। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के साथ उत्तर-पश्चिम राज्यों से लेकर दिल्ली एनसीआर में हुई बूंदाबांदी का असर यहां भी दिख रहा है और रात में वायुदाब मेें वृद्धि बनी रहने पर शनिवार को दिन भर अंधड़ चलने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।
बृहस्पतिवार को सुबह न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया तो धूप निकलने से दिन में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शाम से मौसम ने फिर करवट बदली और हवा की गति मंद पड़ी तो आसमान चौतरफा बादलों से घिरने लगा। इससे रात में लोगों को खासी बेचैनी महसूस हुई सुबह तक न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री बढ़कर 18 डिग्री सेल्सियस हो गया। शुक्रवार को दिन में बादलों की वजह से धूप कम निकली। इसके बावजूद अधिकतम तापमान 0.3 डिग्री की मामूली कमी के साथ 32.5 डिग्री सेल्सियस बना रहा। शाम को ठंडी हवा के झोंके चलने से उमस से बेहाल जनजीवन को काफी हद तक सुकून मिल गया।
गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार पिछले 48 घंटे के दौरान वायु दाब में उतार-चढ़ाव बना हुआ है और इसी वजह से मौसम में भी परिवर्तन दिखाई देने लगा है। उनका कहना है कि दिन में धूप कम निकलने के बावजूद बादल छाए रहने से उमस पैदा हुई और इसी वजह से शाम तक आर्द्रता 29 प्रतिशत घटकर 53 प्रतिशत रह गई, लेकिन पहाड़ों की ओर से हवा दिन ढलने के बाद से नमी बढ़ा रही है। इसे देखते शनिवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे, लेकिन तेज हवा चलने के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना बन रही है।