शुक्रवार को सुबह से घना कोहरा था। इसके साथ ही फुहार गिर रही थी, इसके बावजूद भी लोगों को सूर्यदेव की आस थी, लेकिन दोपहर तक जब धूप नहीं खिली तो लोगों के उम्मीदें धूमिल हो गईं। शीत अवकाश के बाद स्कूल खुले तो लेकिन सर्दी बढ़ने की वजह से शिक्षण कार्य सुचारु नहीं हो सका। विभिन्न साधनों से घरों से स्कूल जाते बच्चे भी कांपते हुए नजर आए।
सूर्यदेव के दर्शन न निकलने का प्रभाव अधिकतम तापमान पर भी पड़ा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 5.5 डिग्री घटकर 13.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री बढ़कर पांच डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे दिन में लोग सर्दी से बेहाल होते रहे।
आज भी नहीं मिलेगी कोहरे से राहत
गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक विश्लेषक सुरेंद्र सिंह यादव ने कहा कि शनिवार को मौसम साफ रहने की कोई खास उम्मीद नजर नहीं आ रही है। इसलिए शुक्रवार की तरह ही शनिवार को भी कुहासा रहने की आशंका जताई है।
कक्षा आठ तक के सभी स्कूल आज बंद
शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए डीएम शुभ्रा सक्सेना ने कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी कर दिया। इस संबंध में बीएसए राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि एक से लेकर कक्षा आठ तक के सीबीएसई, आईसीएससी, यूपी बोर्ड और बेसिक शिक्षा परिषद से संचालित सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। स्कूल खोले जाने पर संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
शीतलहर में किया कंबल वितरण
हरिकौशल त्यागी जन कल्याण समिति की ओर से रोजा स्थित पब्लिक स्कूल में कंबल वितरण और भंडारे का आयोजन किया गया। इस मौके पर पहुंचे नगर विधायक सुरेश कुमार खन्ना ने गरीबों में कंबल देने के साथ ही समिति के इस कार्य की सराहना की। इस दौरान नरेंद्र त्यागी, नवीन प्रकाश शुक्ला, वीरेश चंद्र, शेखर, रविंद्र आदि मौजूद रहे।