मौसम मे कुछ सुधार होने के बाद भी ट्रेनों के टाइम टेबल में कोई सुधार नहीं हुआ है। इससे यात्रियों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रहीं। स्थिति यह है कि अब तक कई प्रमुख ट्रेनें 10 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। कोहरे के चलते रद्द की गईं एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनों को भी अब तक फिर से चालू नहीं किया गया है।
नवंबर के पहले सप्ताह में ही धुंध और कोहरे ने असर दिखाना शुरू कर दिया था। दिसंबर आते-आते हालात बेकाबू होने लगे। टाइम टेबल सुधारने के लिए कई ट्रेनों को रद्द करने के बाद फिर से चलाया गया। ये ट्रेंने फिर से लेट लतीफी का शिकार हो गई हैं। रेलवे ने दावा किया था कि मौसम में सुधार होने के साथ ही रेलगाड़ियों के टाइम टेबल में भी बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। इस दावे का अब तक असर नहीं दिख रहा। इधर, मौसम में सुधार होने के साथ ही रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या में भी इजाफा होने लगा है। कोहरे और शीतलहर के कारण यात्रियों की संख्या में एक से डेढ़ हजार तक की कमी आई थी। रेलगाडियां कम और लेट-लतीफ होने की वजह से यात्री समस्याएं झेल रहे हैं। स्टेशन अधीक्षक ओम शिव अवस्थी का कहना है कि रात के समय कई इलाकों में अब भी कोहरा छा रहा है। कोहरा खत्म होने के बाद ट्रेनों का टाइम टेबल भी पटरी पर होगा।
यह ट्रेनें रहीं लेट
अप 24369 त्रिवेणी एक्सप्रेस 3:10 घंटा
अप 15211 जननायक एक्सप्रेस 3:20 घंटा
अप 13151 जम्मूतवी एक्सप्रेस 3:35 घंटा
डाउन 13006 पंजाब मेल 6:40 घंटा
डाउन 13050 हावड़ा डुप्लीकेट 9:40 घंटा
डाउन 13308 किसान मेल 4:30 घंटा
डाउन 15910 गुवाहटी एक्सप्रेस 5:10 घंटा
डाउन 22454 राज्यरानी एक्सप्रेस 2:10 घंटा
डाउन 15910 कोलकाता एक्सप्रेस 3:10 घंटा