शाहजहांपुर। रविवार रात ऊंचाई पर बादल छाने से उमस बढ़ी और सोमवार को सुबह से सूरज ने तेवर दिखाने शुरू किए तो दिन में तीखी हुई धूप ने गर्मी का कहर बढ़ा दिया। हवा का वेग थमा रहने और आद्र्रता 19 प्रतिशत के न्यूनतम स्तर पर पहुंची तो दिन में अधिकतम तापमान 2.5 डिग्री बढ़कर 38.5 डिग्री सेल्सियस हो गया। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार हवा के दबाव मेें शाम से आई गिरावट को देखते मंगलवार को सुबह से बादल छाए रहेंगे और धूप के असर से तापमान में वृद्धि जारी रहने का अनुमान है।
दो दिन पहले तक हवा का दबाव सामान्य से 42 अंक अधिक रहने के कारण हवा तेज अंधड़ों में बदली रही। बीते दिन बैरोमीटर का पारा थोड़ा नीचे खिसका, लेकिन सामान्य से नौ अंक ज्यादा रहा। इस वजह से हवा की रफ्तार थोड़ी थमी, लेकिन धूप के तेवर बरकरार रहे। इस वजह से गर्मी बढने के संकेत पहले से मिल रहे थे। शाम से ऊंचाई पर बादल छाने शुरू हुए तो रात में उमस पैदा होने से सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान भी 0.5 डिग्री बढ़कर 17 डिग्री सेल्सियस हो गया। सूर्योदय के बाद धूप मेें तेजी आने लगी और इसी के साथ थर्मामीटर का पारा भी उछलने लगा।
दोपहर तक इतनी गर्मी हो गई कि ज्यादातर लोग घरों के अंदर बने रहे। बहुत जरूरी काम से जो लोग बाहर निकले वह पसीने से तर-ब-तर होने लगे। बाजारों में ग्राहक कम पहुंचे तो दोपहर से शाम तक अधिकांश दुकानों पर सूनापन पसरा रहा। नतीजे में कारोबारी और उनके सेल्समैन खाली बैठकर मोबाइल पर मगजमारी करते रहे। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार गर्मी के सीजन की शुरुआत मेें आद्र्रता न्यूनतम स्तर पर पहुंच जाने से दिन ढलने पर सूर्योदय के बाद भी हवा में शीतलता महसूस नहीं हो रही है। उनका कहना है कि शाम को बैरोमीटर की रीडिंग सामान्य से 22 अंक कम हो गई है और इसे देखते मंगलवार को बादल छाए रहने के साथ उमस के साथ गर्मी बढने के आसार हैं।