जलालाबाद के गांव नगरिया में रास्ते पर जलभराव। स्रोत : ग्रामीण
जलालाबाद। नगरिया बुजुर्ग गांव में जगह-जगह जलभराव और बिजली की जर्जर हो चुकी लाइन से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को एसडीएम प्रभात राय से भेंट की। ग्रामीणों ने उन्हें ज्ञापन देकर समस्याएं बताईं और उनका समाधान कराने की गुहार लगाई।
एसडीएम को ग्रामीणों ने बताया कि गांव में नालियां पक्की बनी हैं, लेकिन असमतल होने से गंदा पानी रास्तों पर भर रहा है। नियमित सफाई नहीं होने से रास्ते पर भरा पानी दुर्गंध पैदा करने के साथ नालियों से वापस होकर कई घरों में भर रहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि गांव में रखे ट्रांसफाॅर्मर की लाइन काफी जर्जर हो जाने से आए दिन तार टूट जाते हैं और लाइन फाॅल्ट होने पर कई दिन तक गांव की बत्ती गुल रहती है। विद्युत निगम के अभियंता अवगत कराने पर भी लाइन ठीक नही करा रहे हैं।
एसडीएम ने उचित कार्रवाई का ग्रामीणों को आश्वासन दिया है। इस दौरान दलपति, श्यामाचरण, दिलीप कुमार, जितेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद