दो दिन से लगातार हो रही बरसात के चलते जिले के भैंसार बांध ढाईघाट पर गंगा और शहर में गर्रा नदी का उफान फिलहाल स्थिर है, लेकिन अब रामगंगा और खन्नौत में पानी फिर बढ़ने लगा है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष को रविवार सुबह मिली सूचना के अनुसार नरौरा समेत सभी बैराजों से पानी कम होने के बावजूद बरेली के चौबारी से लेकर जलालाबाद तक रामगंगा में 12 से 15 सेमी पानी बढ़ गया है। इधर, खन्नौत दस सेमी चढ़कर 142.75 मीटर पर पहुंच गई। जिले में 48 घंटे के दौरान 40.6 मिमी वर्षा रिकार्ड हो चुकी है। यही नहीं, रविवार सुबह भी रिमझिम फुहारों से हुई। बरसात का सारा पानी क्षेत्र की नदियों में समाने से वह अपने पेटे से बाहर निकल रही हैं। सिंचाई विभाग के तार बाबू गिरिजा किशोर मिश्र के अनुसार नरौरा से पानी की निकासी में चौथे दिन भी गिरावट जारी रही। रविवार को सुबह वहां से केवल 37686 क्यूसेक पानी निकला। इससे कछला (बदायूं) से लेकर कलान मिर्जापुर तक गंगा के जल स्तर में तीन से 15 सेमी तक कमी आई। इसके विपरीत अन्य बैराजों से रामगंगा में सिर्फ 2619 क्यूसेक पानी निकासी के बावजूद नदी में पानी बढ़ा है। गर्रा पिछले 24 घंटे में दस सेमी कम होने के बावजूद 145.10 मीटर पर बह रही है। ड्यूनी डॉम से 48 घंटे से पानी की निकासी थमी होने से गर्रा में पानी और कम होने के आसार हैं।