शहर के समीप गर्रा और खन्नौत में पानी घटा
बरसात होने के साथ ही बांधों-बैराजों से अतिरिक्त पानी की निकासी जारी रहने से जिले की जलालाबाद और कलान तहसील में गंगा और रामगंगा में फिर से उफान आने लगा है। पिछले 24 घंटे के दौरान गंगा बदायूं के कछला घाट पर 15 सेमी और जिले के भैंसार बांध पर दस सेमी बढ़ गई है। उधर, बरेली के चौबारी घाट पर 55 सेमी चढ़ी रामगंगा जिले में भी फैलाव लेने लगी है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार स्थानीय स्तर पर बारिश थमी होने से गर्रा और खन्नौत के जल स्तर में क्रमश: 30 सेमी और पांच सेमी की कमी आई है। गत शुक्रवार से मंगलवार तक जिले में 35 मिमी से अधिक बारिश रिकार्ड होने के साथ शहर के समीप बहने वाली गर्रा और खन्नौत नदियों में पानी बढ़ने लगा था। उधर, उत्तराखंड और पश्चिमी यूपी के बांधों-बैराजों से रिलीज पानी की मात्रा घटने के बावजूद गंगा व रामगंगा नदियों का जल स्तर कम होने लगा। मंगलवार से जिले में बारिश का दौर धीमा पड़ने से नदियों में पानी घटने की संभावना बनी, लेकिन गंगा-रामगंगा में पानी कम होने के बजाय 48 घंटे से लगातार बढ़ रहा है। सिंचाई विभाग के तार बाबू गिरिजा किशोर मिश्रा के अनुसार जब तक बैराजों से अतिरिक्त पानी रिलीज होगा, गंगा-रामगंगा में पानी कम होने के आसार नहीं हैं। उन्होंने बताया कि नरौरा बैराज से गंगा में बुधवार सुबह से 57524 क्यूसेक पानी रिलीज हो रहा है। इस कारण गंगा कछला घाट 163.15 मीटर और भैंसार बांध के पास 142.20 मीटर पर बह रही है। रामनगर, खो, हरेली, किच्छा आदि बैराजों से निकल रहे पानी से चौबारी घाट पर रामगंगा 158.90 मीटर पर पहुंच गई है।