शाहजहांपुर। भीषण गर्मी और लू के मद्देनजर डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर एक से 20 मई तक मिशन तालाब पुनर्भरण कार्यक्रम चलाया गया। इस अभियान के तहत जनपद के अमृत सरोवरों और अन्य तालाबों में पानी भरने का कार्य किया गया। इसमें सामने आया कि 1454 तालाबों में पानी है तो 272 सूखे पड़े हैं।
जनपद में कुल 265 अमृत सरोवरों का सर्वेक्षण किया गया, जिनमें से 169 में पहले से पानी था। शेष 96 सूखे अमृत सरोवरों में से 37 में ग्राम पंचायतों के संसाधनों और नहरों के माध्यम से पानी भरा गया। बचे हुए 59 अमृत सरोवरों को एक सप्ताह में भरने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसी प्रकार, 1461 अन्य तालाबों का भी सर्वेक्षण किया गया, जिनमें से 1133 में पहले से पानी मौजूद था। शेष 328 सूखे तालाबों में से 115 में कार्यक्रम के दौरान पानी भरा गया। शेष 213 तालाबों को भी एक सप्ताह के भीतर भरने का लक्ष्य है।
डीएम ने बताया कि कार्यक्रम के तहत तालाबों में पानी भरने, भरे हुए तालाबों का सत्यापन और स्रोत का सर्वेक्षण प्रतिदिन कंट्रोल रूम के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की जनता से अपील की है कि यदि कोई तालाब सूखा है और उसे पानी की आवश्यकता है तो सूचित करें। यह प्रयास जल संरक्षण में सहायक होगा।