अमर उजाला में 25 मई को प्रकाशित खबर। स्रोत : अमर उजाला
खुटार। खुटार में वाटर कूलर और हैंडपंपों की मरम्मत का काम शुरू हो गया है। सोमवार को मोहल्ला पश्चिमी गढ़ी में नगर पंचायतकर्मी कार्य करने पहुंचे। इससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
खुटार नगर पंचायत क्षेत्र में लगभग 12 वाटर कूलर और कई हैंडपंप लगे हैं। छह वाटर कूलर काफी समय से खराब हैं और 30 से अधिक हैंडपंप भी काम नहीं कर रहे। भीषण गर्मी में नगर के लोगों को पेयजल के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य चौराहा और धार्मिकस्थलों पर लगे वाटर कूलर-हैंडपंप खराब होने से यात्रियों और श्रद्धालुओं को गर्मी में पीने का पानी नहीं मिल रहा है।
नगर के लोग तमाम बार शिकायतें कर चुके हैं लेकिन वाटर कूलर और हैंडपंप सही नहीं कराए जा रहे थे। अमर उजाला ने 25 मई के अंक में खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर प्रकाशित होने पर अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेकर नगर पंचायतकर्मियों को वाटर कूलर और हैंडपंप सही कराने के निर्देश दिए, इसके बाद मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया।
मोहल्ला पश्चिमी गढ़ी में वाटर कूलर और हैंडपंप की मरम्मत का काम शुरू होने पर आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि अब उनको ठंडा और शुद्ध पानी मिल सकेगा।
अमर उजाला में 25 मई को प्रकाशित खबर। स्रोत : अमर उजाला