गोदाम पर ट्रक चालकों ने किया हंगामा
गांव करनापुर के गोदाम पर गेहूं उतार में अव्यवस्थाओं से परेशान ट्रक चालकों ने सोमवार को गोदाम के सामने जमकर हंगामा किया। चालकों का आरोप है कि दबंग चालक और कुछ ठेकेदार अपने ट्रक लाइन में आगे लगवाकर गोदाम में गेहूं उतरवा देते हैं, जबकि लाइन में पहले से लगे ट्रक जैसे के तैसे खड़े रह जाते हैं। करनापुर स्थित गोदाम में पुवायां, बंडा, खुटार और सिंधौली के सेंटरों पर खरीदे गए गेहूं का उतार हो रहा है। दबंगों के कारण ट्रक चालकों को कई-कई दिन तक लाइन में खड़े होना पड़ता है। कुछ लोग अपने ट्रक लाइन में आगे लगवा देते हैं और गेहूं का उतार करा लेते हैं। लाइन में पीछे खड़े ट्रक चालकों के विरोध करने पर उनसे गाली गलौज की जाती है। बड़ागांव सेंटर से गेहूं लेकर आए ट्रक चालक अनिल कुमार ने बताया कि वह शनिवार को ट्रक लेकर गोदाम पर आए थे। शनिवार को उसके ट्रक का नंबर 11वां था। रविवार को उतार नहीं हुआ। इस दौरान दबंगों ने अपने ट्रक लाइन में आगे लगवा दिए और सोमवार सुबह तक उसके ट्रक का नंबर 27वां हो गया। उतार सही न होने से वे लोग बेहद परेशान हैं। गेहूं उतार में अव्यवस्था से सेंटर ठेकेदारों को ट्रकों का ज्यादा किराया देना पड़ रहा है।
तोल के वसूले जा रहे सौ रुपये
पुवायां। गोदाम पर कांटा लगा हुआ है। चालकों ने बताया कि कांटा प्रति ट्रक दो क्विंटल गेहूं कम बता रहा है, जिस कारण उन लोगों ने विरोध जताया तो ट्रकों को गांव गंगसरा स्थित एक धर्मकांटा पर तोल के लिए भेजा जाने लगा। गंगसरा में तोल के प्रति ट्रक सौ रुपये वसूले जा रहे हैं। इससे ट्रक चालक परेशान हैं।
कांटा खराब हो गया था। सोमवार शाम तक कांटा सही हो जाएगा। सभी ट्रकों को नंबर दे दिए गए हैं। इससे ट्रक पहले तुलवा लेने की समस्या समाप्त हो गई है। सारा कार्य सुचारु तरीके से हो रहा है। - हरी सिंह, गोदाम प्रभारी करनापुर