शाहजहांपुर। नामांकन की अंतिम तिथि तक मतदाता वोट बनवा सकेंगे। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन के साथ संबंधित तहसील में आवेदन किया जा सकता है। मतदाता को फार्म छह भरकर आधार कार्ड की कॉपी और दो पासपोर्ट साइज के फोटो जमा करने होंगे।
वोट बनने में करीब सात दिन का समय लगता है। इसलिए अंतिम तिथि से सात दिन पहले आवेदन करना जरूरी होगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी और एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय ने बताया कि आखिरी तारीख का इंतजार करने से अच्छा है, समय से वोट बनवा लें। इसके लिए सभी तहसीलों में पंजीकरण केंद्र बनाए गए हैं।
संबंधित एसडीएम व तहसीलदार को भी पंजीकरण के लिए आवेदन दे सकते हैं। शासन की मंशा है कि जो भी पात्र वोटर हैं। उनका वोट बन सके, जिससे वह लोकतंत्र के पर्व में अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित कर सकें।