डाक विभाग की विभिन्न यूनियनों से जुड़े कर्मचारियों ने 26 सूत्री मांगें अधिकारियों द्वारा लंबित रखे जाने के विरोध में सोमवार को मुख्य डाकघर गेट पर प्रदर्शन कर धरना दिया। जिस कारण मुख्य डाकघर के कई पटल दिन भर सूने पड़े रहे।
धरना-प्रदर्शन में ऑल इंडिया पोस्टल इंपलाइज यूनियन ग्रुप सी, पोस्टमैन एंड एमटीएस यूनियन और ग्रामीण डाक सेवक यूनियन से जुड़े कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर ग्रुप सी यूनियन के पूर्व अध्यक्ष जेपी शुक्ला की अध्यक्षता में हुई सभा में वक्ताओं ने मांगें लंबित रखने के लिए सरकार और विभाग के उच्चाधिकारियों पर आक्रामक तेवर अपनाए।
ग्रुप डी यूनियन के मंडलीय सचिव आशाराम ने कहा कि मांग पत्र पर निर्णय न करके कर्मचारियों के धैर्य की परीक्षा ली जा रही है। डाक सेवक यूनियन के मंडलीय सचिव विष्णु दत्त मिश्रा ने कहा कि अल्प वेतन भोगी ग्रामीण डाक सेवकों से डबल ड्यूटी लेकर उनका शोषण किया जा रहा है।
यूनियन संयोजक वीरेश कुमार ने डबल ड्यूटी पर ओवरटाइम भत्ता दिए जाने की मांग की। धरना-प्रदर्शन में राकेश सक्सेना, रजनीश शुक्ला, प्रशांत गुप्ता, प्रेम अवस्थी, प्रेमपाल सिंह, निर्मला देवी, एससी गंगवार, रोहित पांडेय आदि शामिल रहे।