खुटार के गांव तुलापुर में गमगीन बैठीं विपिन दीक्षित के परिवार की महिलाएं। संवाद
खुटार (शाहजहांपुर)। गांव तुलापुर निवासी विपिन की हत्या में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव का 22 घंटे तक अंतिम संस्कार नहीं किया गया। पुलिस के समझाने के बाद अंतिम संस्कार किया गया।
विपिन की एक नवंबर को संदिग्ध हालात में पीलीभीत के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। विपिन के पिता रामकिशोर दीक्षित ने पुलिस को बताया था कि गांव के ही कुलदीप उर्फ मोनू, तरुण शुक्ला, संजय शुक्ला और विवेक शुक्ला ने विपिन को पीटा था और जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया था।
पोस्टमॉर्टम के बाद दो नवंबर की शाम चार बजे शव घर पहुंचा था। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया था। जानकारी पाकर खुटार थाना प्रभारी अरविंद कुमार त्यागी, पुवायां थाना प्रभारी आरके रावत गांव पहुंचे और परिजनों को समझाया। मंगलवार को भी खुटार थाना प्रभारी गांव पहुंचे और विपिन के परिजनों से वार्ता की। पुवायां थाना प्रभारी से रामकिशोर की बात कराई गई। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन मिलने पर परिजनों ने विपिन के शव को दोपहर दो बजे अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि विपिन के शव का अंतिम संस्कार हो गया है। विवेचना और आरोपियों की तलाश जारी है।