शाहजहांपुर के मीरानपुर कस्बे के मोहल्ला ताहब्बरगंज में रविवार देर रात प्रेम-प्रसंग के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के 12 लोग घायल हो गए। इनमें 28 वर्षीय रमेश कश्यप की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, तीन अक्तूबर को रमेश कश्यप के भतीजे रंजीत के खिलाफ मोहल्ले की एक युवती के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने युवती को बरामद कर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया था। वहीं, आरोपी रंजीत की तलाश की जा रही थी। इसी विवाद को लेकर रविवार देर रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
मोहल्ले में फैली दहशत
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। घटना से मोहल्ले में दहशत फैल गई। मारपीट में रमेश समेत 12 लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां रमेश ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। सुरक्षा की दृष्टि से मोहल्ले में पुलिस तैनात कर दी गई है। एसपी ग्रामीण दीक्षा भांवरे अरुण ने बताया कि मारपीट में घायल एक व्यक्ति की मौत हुई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।