शाहजहांपुर के खुटार में ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को चांदपुर पुलिस चौकी का घेराव किया। उन्होंने दुष्कर्म के आरोपी को निर्दोष बताया और पुलिस पर फर्जी मुठभेड़ का आरोप लगाया।
शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र में एक साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म करने के आरोपी को निर्दोष बताकर उसके गांव के लोगों ने बृहस्पतिवार को चांदपुर पुलिस चौकी का घेराव किया। आरोप है कि पुलिस ने फर्जी एनकाउंटर किया है। पुलिस ने ग्रामीणों से वार्ता कर समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। इस पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर ग्रामीणों को खदेड़ दिया।
विज्ञापन
नौ जून को एक साल की मासूम बच्ची के दुष्कर्म के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने रात में 11 बजे हरनाई गांव निवासी आरोपी गुड्डू से मुठभेड़ दिखाई थी। उसके दोनों पैरों में गोली भी लगी थी। मामले को लेकर बृहस्पतिवार को हरनाई गांव के तमाम ग्रामीण चांदपुर पुलिस चौकी पहुंच गए और आरोपी को निर्दोष बताया।
ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व प्रधान ने घटना वाली शाम को गुड्डू को पुलिस के सुपुर्द किया था। उसके पांच घंटे के बाद मुठभेड़ दिखाई गई। पुलिस ने फर्जी एनकाउंटर दिखाया है। उन्होंने आरोपी को रिहा करने की मांग की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से वार्ता कर समझाने का प्रयास किया है।