थाना जैतीपुर क्षेत्र के गांव बकैनिया निवासी 50 वर्षीय कालीचरन ने बीमारी से परेशान होकर शनिवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिवारीजनों के मुताबिक कालीचरन पिछले करीब दो साल से बीमार चल रहे थे। उन्हें कई बीमारियों ने घेर रखा था। वह इलाज कराते-कराते परेशान हो चुके थे। उन्होंने गांव के बाहर खेत में सब्जी की रखवाली के लिए झोपड़ी डाल रखी थी। शनिवार की रात उनका बेटा हरीश खेत पर उन्हें खाना देने गया था। कालीचरन खाना खाने के बाद झोपड़ी में पड़ी चारपाई पर लेट गए। रविवार की सुबह हरीश चाय देने गया तो उसने देखा कि कालीचरन झोपड़ी में लगी बल्ली पर गमछे के सहारे फांसी पर लटक रहे थे। हरीश ने फौरन परिवार के अन्य लोगों और ग्रामीणों को सूचना दी। फिर तो परिवार में कोहराम मच गया। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कालीचरन के चार बेटे और चार बेटियां हैं।