बंडा में सड़क न बनने पर विरोध जताते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : Archive
बंडा। बंडा विकासखंड के रामनगर, बिहार, तिहार, ढुकरी बुजुर्ग, चिकटिया, खखरा बुजुर्ग और दलेलापुर समेत कई गांवों के लोग सड़क निर्माण न होने से नाराज हैं। उन्होंने मुख्य रास्तों और स्कूल की दीवारों पर रोड नहीं तो वोट नहीं के बैनर लगा दिए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बंडा-बिलसंडा हाईवे से भौरखेड़ा खुर्द, कुंडरा, चिकटिया, टुकरी बुजुर्ग होते हुए बिहार-रामनगर जाने वाली सड़क वर्षों से कच्ची है। जगह-जगह गड्ढे हैं और बारिश में कीचड़ भर जाता है। इससे स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को परेशानी होती है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को ज्ञापन देने के बावजूद सड़क नहीं बनी।
प्रमोद कुमार, राजेश यादव, सतीश कुमार, रविंद्र कुमार और सत्यपाल सिंह आदि ने चेतावनी दी कि जल्द निर्माण शुरू नहीं हुआ तो 2027 के चुनाव में मतदान का बहिष्कार करेंगे।
विधायक चेतराम ने बताया कि सड़क का प्रस्ताव तीन-चार महीने पहले भेजा जा चुका है और पास भी हो गया है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से बात कर जल्द निर्माण कराया जाएगा।