तिलहर। गुलचंपा गांव की जर्जर हो चुकी बिजली लाइन के तार आए दिन टूटने और भीषण गर्मी में दस दिन से बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने समस्या का समाधान नहीं होने पर शनिवार को दोपहर करीब एक बजे विद्युत उपकेंद्र पर जाकर हंगामा किया।
ट्रैक्टर ट्राॅली में बैठकर आए गांव के तमाम महिला-पुरुषों ने विद्युत निगम के खिलाफ देर तक नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में जर्जर बिजली तारों में आए दिन फॉल्ट हो रहे हैं और पिछले दस दिन से गांव की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह चरमराई हुई है।
भीषण गर्मी में बिजली नहीं मिलने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है और पेयजल संकट भी गहराने लगा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अभियंता इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस बीच, हंगामे की सूचना पर वहां पहुंची डायल 112 पुलिस टीम ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।
इसी दौरान वहां पहुंचे एसडीओ विजय नारायण चौहान ने ग्रामीणों की समस्या सुनकर लाइन जल्द ठीक कराने का भरोसा दिया। एसडीओ ने बताया कि विभागीय टीम को लाइन ठीक करने के लिए गांव भेजा गया है।
तड़के चेकिंग करने पहुंची विजिलेंस टीम, दो घरों में पकड़ी बिजली चोरी
शाहजहांपुर। बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं पर विद्युत निगम ने शिकंजा कस दिया है। विद्युत निगम के प्रवर्तन दल ने तड़के चेकिंग करते हुए दो स्थानों पर मीटर बाइपास कर बिजली चोरी करते हुए दो लोगों को पकड़ा। उनके खिलाफ बिजली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
तड़के चेकिंग करने पहुंची विजिलेंस टीम ककरा उपकेंद्र के आनंदपुरम मोहल्ले में पहुंची। यहां पर राजेश कुमार के घर में मीटर से पहले बाइपास कर बिजली चोरी होते मिली। जेई के अनुसार, मीटर की सील टूटी मिली। इसके बाद शहर के मोहल्ला बीबीजई चौराहा के पास मोहम्मद नबी के घर में इनकमिंग केबल डालकर बिजली चोरी होते हुए मिली। अधीक्षण अभियंता अनुज प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों उपभोक्ताओं पर बिजली चोरी के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। संवाद
तिलहर के विद्युत उपकेंद्र के बाहर हंगामा करते उपभोक्ता। संवाद