खुदागंज। अखिल भारतीय प्रधान संगठन की 20 मई को लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान पर होने वाली रैली को सफल बनाने के लिए ब्लॉक अध्यक्ष लखपत सिंह के आवास पर शुक्रवार को ग्राम प्रधानों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए संगठन के जिला उपाध्यक्ष रंजीत सिंह ने कहा कि यदि निर्धारित समयावधि में पंचायत चुनाव नहीं कराए जाते हैं, तो प्रशासक के रूप में वर्तमान प्रधानों को ही जिम्मेदारी सौंपी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि लखनऊ में होने वाली रैली में भी यह मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। बैठक में ग्राम पंचायतों के विकास कार्य, विभिन्न योजनाओं के संचालन और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा हुई। बैठक में प्रमोद सिंह, सेठपाल सिंह, कैप्टन अशोक सिंह, सतवीर कश्यप, हरीश कश्यप, कुंवर सेन, सुधीर गंगवार आदि ग्राम प्रधान मौजूद रहे। संवाद