शाहजहांपुर जिले में गश्त के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर भाग रहे बरेली के शातिर अपराधी को थाना गढ़िया रंगीन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लखनऊ में चोरी कर साथियों के साथ लौट रहा था। उसके कब्जे से तमंचा, 10 कारतूस, एक खोखा कारतूस, दो कलाई घड़ियां और चांदी के जेवरात बरामद हुए हैं। चोरी में इस्तेमाल बुलेट बाइक भी सीज कर दी गई है।
रविवार रात करीब दो बजे पुलिस ग्राम पृथ्वीपुर से रामपुर की ओर गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रामपुर अंडरपास की ओर से आती बाइक को देखकर पुलिस ने रुकने का इशारा किया। इस पर बाइक सवार गाड़ी छोड़कर खेतों की ओर भागने लगा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गंगा एक्सप्रेसवे के रामपुर अंडरपास से करीब 100 मीटर पहले खाली खेत में उसे पकड़ लिया।
लखनऊ में चोरी की वारदात को दिया था अंजाम
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बरेली जिले के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के गांव नगरिया कला (पंखिया खेड़ा) निवासी सोहिल के रूप में हुई। सीओ तिलहर विदुष सक्सेना ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने लखनऊ में साथियों के साथ चोरी करने और घर लौटते समय पकड़े जाने की बात स्वीकार की है। घर पहुंचकर चोरी के सामान का बंटवारा होना था।
आरोपी के पास से सफेद धातु का एक कमरबंद सेट, एक करधनी, एक पायल और 12 जोड़ी बिछुए बरामद हुए हैं। इसके अलावा दो कलाई घड़ियां, तमंचा, 10 जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस मिला है। पुलिस मामले में आरोपी के साथियों की तलाश कर रही है। सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया।