फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: मिनी ट्रक से टकराई वेटरनरी एंबुलेंस, सिपाही की मौत...पशु चिकित्सक व चालक घायल

विज्ञापन
सिपाही विकास सांगवान फाइल फोटो - फोटो : Archive
विज्ञापन
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार रात करीब 11 बजे कस्बे के पास मोबाइल वेटरनरी यूनिट एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े मिनी ट्रक से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार मीरानपुर कटरा थाने के सिपाही विकास सांगवान (28), पशु चिकित्सक डॉ. लक्ष्य सिंह और चालक अनिल कुमार घायल हो गए। सिपाही की हालत गंभीर होने पर उन्हें इलाज के लिए बरेली के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मिनी ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन


तिलहर की सीओ इशिका सिंह ने बताया कि कटरा-खुदागंज ब्लॉक की मोबाइल वेटरनरी यूनिट एंबुलेंस क्षेत्र भ्रमण पर थी। रात में एक गाय के इलाज के लिए इमरजेंसी कॉल पशुपालन विभाग की हेल्पलाइन नंबर पर आई। इसके मद्देनजर पशु चिकित्सक डॉ. लक्ष्य सिंह एंबुलेंस से गए थे। एंबुलेंस को मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के ग्राम सैंजना निवासी अनिल कुमार गंगवार चला रहे थे।
रात में सुरक्षा के दृष्टिकोण से मीरानपुर कटरा थाने के सिपाही विकास सांगवान भी एंबुलेंस में थे। वापसी में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी वजह से एंबुलेंस अनियंत्रित हो गई और बाबा ढाबे के पास सड़क किनारे खड़े एक मिनी ट्रक से पीछे से टकरा गई। एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एंबुलेंस में सवार सभी लोग बुरी तरह से घायल हो गए।
विज्ञापन

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी को मीरानपुर कटरा की सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर सिपाही विकास सांगवान को बरेली के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी मृत्यु हो गई। अन्य दोनों घायलों को बाद में राजकीय मेडिकल कॉलेज से बरेली रेफर किया गया है।

दो साल से कटरा थाने में तैनात थे विकास
सिपाही विकास सांगवान हरियाणा के भिवानी जिले के तोशाम थाना क्षेत्र के गांव संडवा के रहने वाले थे। 23 अक्तूबर 2020 को वह यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे। थाना सदर बाजार में रहने के बाद वह 30 जून 2024 को मीरानपुर कटरा थाने में तैनात किए गए थे। थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह को जैसे ही विकास की मौत की सूचना मिली, वह तुरंत बरेली पहुंच गए।

दोस्त थे विकास और डॉ. लक्ष्य
डॉ. लक्ष्य सिंह भी हरियाणा के निवासी हैं और मीरानपुर कटरा चौराहे पर स्थित पशु चिकित्सालय के सरकारी आवास में रहते है। हरियाणा के मूल निवासी होने के कारण डॉ. लक्ष्य और विकास सांगवान के बीच घनिष्ठ संबंध थे। पशु के इलाज के लिए रात में इमरजेंसी कॉल आने पर डॉ. लक्ष्य सुरक्षा के दृष्टिकोण से सिपाही विकास को साथ ले गए थे।

सदमे में सिपाही का परिवार
बरेली। विकास के परिवार में पत्नी बूनीता और ढाई साल की मासूम बेटी हैं। चार वर्ष पहले ही उनका विवाह बूनीता से हुआ था। परिवार में खुशियों का माहौल था, जो इस हादसे के बाद मातम में बदल गया। चाचा विष्णु ने बताया कि विकास तीन भाइयों में मंझले थे। वह बेहद मिलनसार थे। कटरा थाना पुलिस ने शव का पोस्टमाॅर्टम कराकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

घटना काफी दुखद है। हादसे के बाद पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस विभाग की संवेदना मृत सिपाही के परिवार के साथ है।
-सौरभ दीक्षित, एसपी

डॉ. लक्ष्य सिंह हेल्पलाइन नंबर 1962 पर आई शिकायत के आधार पर बीमार पशु के इलाज के लिए क्षेत्र के किसी गांव में गए थे। लौटते समय दुखद हादसा हो गया।
-डॉ. राजेंद्र प्रताप, सीवीओ

सिपाही विकास सांगवान फाइल फोटो- फोटो : Archive

सिपाही विकास सांगवान फाइल फोटो- फोटो : Archive

सिपाही विकास सांगवान फाइल फोटो- फोटो : Archive

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें