शाहजहांपुर। नगर निगम के कार्यों की निविदा में कूटरचित चरित्र प्रमाणपत्र लगाकर प्रतिभाग करने और अनुचित लाभ हासिल करने के आरोप में दर्ज मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सदर बाजार पुलिस वादी की ओर से उपलब्ध कराए गए अभिलेखों का संबंधित कार्यालयों से सत्यापन करा रही है। वादी नगर निगम के मुख्य अभियंता आशीष त्रिवेदी के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
मुख्य अभियंता की तहरीर पर मथुरा कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर प्रदीप कुमार गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। तहरीर में बताया गया था कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में सीसी सड़क और नाली निर्माण के लिए 19 मार्च से नौ अप्रैल 2025 तक ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की गईं थीं। इसमें तीन फर्मों ने प्रतिभाग किया था।
मथुरा कंस्ट्रक्शन की ओर से हैसियत प्रमाण पत्र, जीएसटी, लेबर, ईपीएफ के साथ जिलाधिकारी कार्यालय से जारी बताया गया 23 दिसंबर 2023 का चरित्र प्रमाणपत्र लगाया गया था। शिकायत के बाद डीएम कार्यालय से कराई गई जांच में उक्त प्रमाणपत्र कार्यालय से जारी होना नहीं पाया गया।
इसके अलावा अन्य कार्यों की निविदाओं में लगाए गए 16 जनवरी 2026 के चरित्र प्रमाणपत्रों के संबंध में भी उनके डीएम कार्यालय से जारी न होने की बात सामने आई थी। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। अभिलेखों का सत्यापन कराया जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।