तिलहर में हाईवे पर कंटेनर, कार और ट्रैक्टर की भिडंत के बाद मौके पर लगी भीड़। संवाद
तिलहर। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर मंगलवार को सुबह मंडी गेट के पास शाहजहांपुर की ओर से आ रहा एक कंटेनर ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकरा गया। इससे हाईवे की एक लेन पर जाम लग गया। कुछ देर बाद जाम में फंसे दूसरे कंटेनर से पीछे से आई एक कार टकरा गई। इन हादसों में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन हाईवे पर करीब आधा घंटे जाम लगा रहा। बाद में पुलिस ने जाम खुलवाया और दोनों कंटेनर अपने कब्जे में लेकर उनके चालकों को हिरासत में ले लिया।
फतेहपुर बुजुर्ग निवासी अजय मंगलवार को सुबह ट्रैक्टर-ट्राॅली में धान लेकर बिक्री करने मंडी समिति गए थे। मंडी में धान की बिक्री नहीं होने पर वह ट्रैक्टर-ट्राॅली में भरा धान लेकर शाम करीब चार बजे शाहजहांपुर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान मंडी गेट से निकलते ही सामने से आ रहे कंटेनर की ट्रैक्टर-ट्राॅली से टक्कर हो गई। इस हादसे में ट्राॅली क्षतिग्रस्त हो गई और धान बिखर जाने से हाईवे पर जाम लग गया।
जाम में बरेली की ओर जाने वाले तमाम वाहनों समेत एक कंटेनर भी फंस गया। जाम खुल पाता कि इसी बीच, शाहजहांपुर की ओर से आ रही है कार कंटेनर में पीछे से टकरा गई। जाम के दौरान फिर वाहन टकराने से वहां अफरा-तफरी हो गई। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि शाम 4:30 बजे जाम खुलवाकर यातायात सामान्य करा दिया गया। उन्होंने बताया कि अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है, लेकिन हिरासत में लिए गए वाहन चालकों से पूछताछ हो रही है। संवाद