शाहजहांपुर। राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत दिव्यांगजनों व वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए 28 जून से पांच जुलाई तक निशुल्क शिविर लगाए जाएंगे। भारत सरकार की यह योजना वरिष्ठजनों और दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम बनाने में मददगार साबित होगी।
बृहस्पतिवार को मिथिलेश कुमार ने अपने आवास पर पत्रकार वार्ता में बताया कि वयोश्री योजना के तहत चिह्नित व्यक्तियों को छड़ी, बैसाखी, ट्राईपोड, फोल्डिंग वॉकर, नजर का चश्मा, कृत्रिम दांत व वॉकर आदि उपकरण दिए जाएंगे। एडिप योजना के तहत दिव्यांगजनों को छोटी-बड़ी ट्राई साइिकल, व्हील चेयर, सीपी चेयर, आवश्यकता अनुसार बैसाखी, छड़ी, रोलेटर, सेलफोन, वॉकर, कान की मशीन आदि सहायक उपकरण दिए जाएंगे। इसके लिए 28 जून को पुवायां, 29 को खुटार, 30 को तिलहर, एक जुलाई को कटरा-खुदागंज, दो जुलाई को जलालाबाद, तीन जुलाई को तहसील कलान, चार जुलाई को कांट ब्लॉक व पांच जुलाई को भावलखेड़ा ब्लॉक में शिविर का आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिव्यांग लाभार्थी आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, 22 हजार 500 रुपये से कम का आय का प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर इन योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।