शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के सुभाषनगर तिराहे पर स्थित मनोहर चाय कैफे में चाय में कीड़ा निकलने का आरोप लगाकर मारपीट और तोड़फोड़ की गई। कैफे मालिक ने आरोपियों पर हर हफ्ते पांच हजार रुपये रंगदारी मांगने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने पांच नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला महमंद हद्दफ निवासी कफील अल्वी ने बताया कि वह सुभाषनगर तिराहे पर मनोहर चाय कैफे चलाते हैं। 13 अक्तूबर की रात करीब 10 बजे मोहल्ले का भय्यू कुरैशी, नाजिम, बाडूजई पेशाबरी निवासी आरिश, लाल इमली चौराहा निवासी जफर और आनिस चार अन्य लोगों के साथ कैफे पर आए थे। चाय पीने के दौरान जफर ने चाय में कीड़ा निकलने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि विरोध करने पर जफर ने धमकी देते हुए कहा कि कैफे चलाना है तो हर हफ्ते पांच हजार रुपये देने होंगे। रुपये देने से इन्कार करने पर सभी ने कफील के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना का एक वीडियो वायरल हुआ था। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।