शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र में चिनौर स्थित एक धार्मिकस्थल पर किसी ने जाली तोड़ दी और चादर में आग लगा दी। रविवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रविवार को सुबह चिनौर तिराहा स्थित धार्मिकस्थल में तोड़फोड़ की सूचना पर भीड़ लग गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों को समझाते हुए कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया। धार्मिकस्थल की देखरेख करने वाले चिनौर निवासी मोहम्मद अहमद उर्फ चांद मियां ने पुलिस को तहरीर दी।
उन्होंने बताया है कि शनिवार की रात कुछ अज्ञात लोगों ने धार्मिकस्थल में घुसकर उसकी जाली तोड़ दी। माहौल खराब करने का प्रयास किया। वहीं, धार्मिकस्थल के पास राख पड़ी मिली। लोगों का मानना है कि चादर भी जलाई गई है। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि चांद मियां की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।