तिलहर। नगर के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में सोमवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सीओ ज्योति यादव ने छात्राओं को साइबर अपराधों से जागरूक करने के साथ ही उन्हें ऐसे अपराधों से बचाव के लिए कई जरूरी टिप्स भी दिए।
सीओ ने कहा कि महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाना पुलिस की प्राथमिकता है। यदि कोई भी व्यक्ति परेशान करे तो घुट-घुटकर जीने के बजाय अपनी समस्या परिवार वालों से साझा करें और पुलिस की मदद लें। उन्होंने छात्राओं को साइबर अपराध से बचने से सचेत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में इंटरनेट के युग से जहां तमाम फायदे मिल रहे हैं, वहीं असावधानी बरतने पर नुकसान होने के खतरे भी हैं।
उन्होंने छात्राओं को किसी भी अनजान नंबर की कॉल रिसीव नहीं करने, अन्जान व्यक्ति की वीडियोकॉल को भूलकर भी रिसीव नहीं करने और सोशल मीडिया पर अपनी निजी फोटो साझा करने से भी बचने की सलाह दी।
इस मौके पर उन्होंने कानून-व्यवस्था और पुलिस से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। सीओ ने विद्यालय के स्टाफ को छात्राओं में नियमित रूप से अखबार पढ़ने की आदत डालने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सर्वाइकल कैंसर के बारे में भी छात्राओं को जानकारी दी।
दरोगा नेहा सैनी ने छात्राओं को कानून की बुनियादी जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस उनकी मित्र है। इसलिए पुलिस से डरने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल सरकारी टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना देकर पुलिस की सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इस दौरान छात्राओं ने पुलिस और अपनी सुरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने उत्तर देकर उनकी जिज्ञासा शांत की। छात्राओं से पुलिस से जुड़े सवाल पूछे गए जिनका उन्होंने जवाब दिया। अंत में विद्यालय की वार्डन शिवा कुशवाहा ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में करीब 100 छात्राएं उपस्थित रहीं।
तिलहर नगर क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में उपस्थित छ