कलान में आंधीदेई में खाद के लिए ली लाइन। स्रोत: जागरूक पाठक
कलान। तहसील क्षेत्र की सहकारी समितियों पर मांग से कम यूरिया पहुंचने के कारण किसान परेशान हाेकर भटक रहे हैं। कई मार्गों पर कांवड़ियों की संख्या अधिक होने से समितियों तक खाद के ट्रक देर से पहुंच रहे हैं।
आंधीदेई साधन सहकारी समिति पर यूरिया का एक सप्ताह से अधिक समय से संकट बना हुआ है। हालांकि, बीच में खाद आई, लेकिन स्टॉक खत्म हो जाने से तमाम किसान खाद मिलने से वंचित रहे। गत शनिवार को समिति के गोदाम पर एक ट्रक से 400 कट्टे यूरिया आई, लेकिन लेने वालों की संख्या कई गुना ज्यादा होने से किसानों में खाद को लेकर मारामारी जैसे हालात बन गए। भीड़ को देखते हुए समिति के सचिव को पुलिस बुलानी पड़ी।
चांदपुर के गौरव यादव, नयागांव कुदरासी के जितेंद्र सिंह व रामसेवक, अगरासी के प्रेमपाल, धर्मपुर सथरा के राहुल आदि किसानों का कहना है कि घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाद नहीं मिल रही। उनका कहना है कि जल्दी खाद नहीं मिली तो धान और गन्ने की फसलें प्रभावित होने लगेंगी। समिति के सचिव परमार सिंह के अनुसार सोमवार तक गोदाम पर यूरिया की नई खेप उपलब्ध होते ही उसका वितरण शुरू करा दिया जाएगा।
खाद नहीं मिलने से किसान परेशान
परौर। चौकिया साधन सहकारी समिति पर यूरिया नहीं होने से किसान परेशान हैं। हाल ही में समिति के गोदाम पर यूरिया की 700 बोरी आईं थीं। रविवार को खाद का वितरण होना था, लेकिन वहां किसानों की इतनी भीड़ हो गई कि आपस में झगड़ा होने की नौबत आ गई। इसलिए खाद का वितरण नहीं हो सका। समिति के कर्मचारियों के अनुसार सोमवार को पुलिस की मौजूदगी में खाद बांटी जाएगी।