शाहजहांपुर। लॉकडाउन के बीच कुछ लोगों ने आवास एवं विकास परिषद कालोनी में धर्मस्थल की आड़ में अवैध कब्जा शुरू कर दिया। मामले की शिकायत मिलने पर आवास विकास परिषद ने पुलिस के सहयोग से अवैध निर्माण को हटवाकर सारा मलबा वहां से दिया। इस दौरान जमकर हंगामा भी हुआ लेकिन पुलिस ने सख्ती दिखाकर मामले को शांत करा दिया। अब आवास एवं विकास परिषद प्रशासन अतिक्रमणकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है।
चौक कोतवाली इलाके की आवास एवं विकास परिषद कॉलोनी बरेली मोड़ के सेक्टर दो में स्थित पार्क में लॉकडाउन के बीच कुछ लोगों ने करीब सप्ताह भर पहले अवैध निर्माण करा दिया था। कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने इसकी शिकायत परिषद के सहायक अभियंता कार्यालय में की और कहा कि इसके पीछे पार्क की जमीन कब्जाने की तैयारी है। इस पर मामले की जांच कराई गई तो अवैध निर्माण की पुष्टि हो गई। इसके बाद सहायक अभियंता नवीन कुमार वर्मा की ओर से सोमवार को चौक कोतवाली में अवैध निर्माण हटाए जाने की सूचना देते हुए पुलिस बल उपलब्ध कराने के लिए पत्र लिखा गया। मंगलवार शाम अजीज गंज चौकी प्रभारी नासिर खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में सहायक अभियंता ने अवैध निर्माण को हटवा दिया। इस दौरान कुछ लोग कार्रवाई के विरोध में आ गए और हंगामा करने लगे। मगर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए सभी को वहां से हटा दिया। सहायक अभियंता नवीन कुमार ने बताया कि कुछ लोगों ने पार्क में अवैध निर्माण करा लिया था। इस पर लोगों को स्वयं ही अतिक्रमण हटाने को कहा गया लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। अब पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण को हटा दिया गया है। अतिक्रमण करने वालों को चिन्हित कर एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।