शाहजहांपुर। बनारस से देहरादून जाने वाली 15119 जनता एक्सप्रेस में वेंडरों के हमले से लोको पायलट के घायल होने के बाद रेलवे कर्मचारी भड़क गए। रात करीब साढ़े नौ बजे रोजा स्टेशन पर ट्रेन आने से पहले ही रेल कर्मचारी जुट गए। ट्रेन का रोजा में स्टापेज नहीं है, इसलिए लोको पायलट ट्रैक पर खड़े हो गए। रेलवे ट्रैक पर रेलवे कर्मियों को खड़ा देखकर लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक लिया। इसके बाद रेलवे कर्मियों ने काफी हंगामा किया। बताते हैं कि वेंडरों की तलाश में रेलवे कर्मचारियों ने बोगियों को खंगाला। इस बीच चार से पांच यात्रियों के साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद ट्रेन के ब्रेक यान में बैठे युवक को खींचकर पीट दिया। हंगामा होने पर आरपीएफ और जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला और ट्रेन को पास कराया। जीआरपी थाना प्रभारी रमांकर यादव ने बताया कि रोजा स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों ने हंगामा किया। ट्रेन में सवार एक व्यक्ति घायल होने पर जीआरपी रोजा चौकी पर बैठा है। उसकी तरफ से तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद