बंडा। गांव मदारपुर के गोविंद कुमार की पत्नी 25 वर्षीय तेजवती देवी की सीएचसी पर बच्चे को जन्म देने के बाद मौत हो गई। नाराज परिजनों ने स्टाफ नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। बमुश्किल मामला शांत हो सका।
गोविंद ने बताया कि सोमवार को प्रसव पीड़ा होने पर उन्होंने अपनी पत्नी को बंडा सीएचसी पर भर्ती कराया था। सोमवार रात तेजवती ने बच्चे को जन्म दिया। मंगलवार सुबह अचानक तेजवती की हालत बिगड़ गई। कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया। तेजवती की सास सुशीला देवी ने स्टाफ नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। हंगामे की वजह से मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। सुशीला देवी का आरोप है कि बच्चे को जन्म देने के बाद से तेजवती की हालत ठीक नहीं थी। उन्होंने स्टाफ नर्स पर बहू को देखने और उचित इलाज दिलाने की मांग की, लेकिन स्टाफ नर्स लापरवाही बरतती रही। इस कारण तेजवती की मौत हुई है। मौके पर मौजूद लोगों ने भी तेजवती के परिजनों को शांत किया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीके वर्मा के काफी समझाने के बाद परिवार के लोग शव घर ले गए। सीएचसी प्रभारी डॉ. वीके वर्मा ने बताया कि प्रसूता की मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका है। स्टाफ नर्स पर लापरवाही का आरोप गलत है।