शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियाें ने तेजी पकड़ ली है। दस नवंबर तक परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए स्कूलों की अवस्थापना संंबंधित डाटा अपलोड करने के बाद तहसील स्तरीय टीमें जांच करेंगी।
जनपद में गत वर्ष 126 केंद्रों का निर्धारण किया गया था। इसमें दसवीं में 41110 व 12वीं में 37811 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। वर्ष 2026 में होने वाली परीक्षा को लेकर केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया को शुरू किया गया है। बोर्ड से जारी निर्देश के अनुसार, दस नवंबर तक परीक्षा केंद्रों को बनाने के लिए अवस्थापना संबंधित भौतिक संसाधन व सूचनाओं को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
इसके बाद 17 नवंबर से वेबसाइट पर अपलोड की गईं सूचनाओं व जीओ लोकेशन का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। डीएम की ओर से गठित तहसील स्तरीय समिति के जरिये प्रत्येक सेंटर की जांच कराकर रिपोर्ट भेजी जाएगी। उसके बाद ऑनलाइन सेंटर बनाने की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि परिषद से प्राप्त निर्देशों के तहत कार्रवाई गतिमान है।