शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा का आगाज बुधवार से होगा। जिले के 126 केंद्रों पर होने वाली परीक्षा को लेकर लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को प्रश्नपत्र केंद्रों पर भेजकर डबल लॉकर, सीसी कैमरों की निगरानी में रखकर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापकों को प्रशिक्षण देकर परीक्षा को नकलविहीन कराने के निर्देश दिए हैं।
18 फरवरी से होने वाली परीक्षा में हाईस्कूल में 42785 और इंटरमीडियट में 36724 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रथम पाली सुबह साढ़े आठ से 11:45 बजे ओर दूसरी पाली दोपहर बाद दो से 5:15 बजे तक होगी। परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए पांच जोन व 21 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक केंद्र पर एक केंद्र व्यवस्थापक, एक बाह्य केंद्र व्यवस्थापक व एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है।
उन्हें परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। इस बीच प्रश्नपत्र भी कड़ी सुरक्षा में केंद्रों पर भेजे गए हैं। जिन्हें डबल लॉक अलमारी में सीसी कैमरे की निगहबानी में रखा गया है। कॉलेज में पुलिस की ड्यूटी भी लगाई गई है।
दूसरी ओर केंद्र व्यवस्थापकों को नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए प्रशिक्षण भी पूरा हो गया। उन्हें नकलविहीन परीक्षा कराने व शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रों पर भी परीक्षा के लिए तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। केंद्रों में सीटिंग प्लान तैयार कर स्लिप को चस्पा किया जाएगा। पूरे दिन यह कार्य चलता रहा।
डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि किसी भी तरह की समस्या होने पर अवगत कराएं, जिससे उसका समाधान कराया जा सके। परीक्षा को पूरी तरह से पारदर्शी तरीके से कराना ही उद्देश्य है।
कंट्रोल रूम से रखी जाएगी निगरानी
यूपी बोर्ड परीक्षा को सकुशल कराने के लिए जीआईसी में कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां पर 19 सहायक अध्यापकों की ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम से सारे केंद्र जोड़े गए हैं। यहीं से सीसी कैमरों के जरिये गतिविधियों पर निगाह रखी जाएगी।