शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को शैक्षिक विवरणों में त्रुटियां सुधारने का मौका दिया गया है। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट 12 नवंबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक खुली रहेगी।
डीआईओएस हरिवंश कुमार ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्धारित समय में संशोधन कराने के निर्देश दिए हैं। इस अवधि में विद्यार्थियों के विषय और वर्ग, माता-पिता के नाम की वर्तनी, लिंग, जाति, हिंदी या अंग्रेजी माध्यम, फोटो और कक्षा 11 के पंजीकरण में दर्ज हाईस्कूल के अनुक्रमांक में ऑनलाइन संशोधन किया जा सकेगा। इसके लिए संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य परिषद की वेबसाइट पर लॉगिन कर विवरण अपडेट कर सकेंगे।
जन्मतिथि में संशोधन, माता-पिता के पूर्ण नाम में सुधार और विद्यार्थियों के विवरण को नियमानुसार डिलीट या रिस्टोर कराने के लिए ऑफलाइन आवेदन करना होगा। प्रधानाचार्यों को सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ 16 नवंबर तक डीआईओएस में आवेदन प्रस्तुत करना होगा। डीआईओएस ने बताया कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद संशोधन का कोई अवसर नहीं दिया जाएगा।