यूपी-100 पर अब मदद की गुहार के साथ भ्रष्ट पुलिस कर्मियों की शिकायत भी की जा सकेगी। इस संबंध में पुलिस महानिदेशक ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन शिकायतों की जांच पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी करेंगे।
पुलिस महानिदेशक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार पीआरवी गाडियों पर नियुक्त पुलिस कर्मियों की अवैध वसूली, रिश्वत लेने एवं अमर्यादित आचरण करने के संबंध में शिकायतें मिल रही थीं। इनका संज्ञान लेते हुए डीजीपी ने इन शिकायतों को भी यूपी-100 पर दर्ज करने का आदेश जारी किया है। कोई भी व्यक्ति इन नंबरों पर पुलिस कर्मियों के भ्रष्ट आचरण की शिकायत कर सकता है। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पत्र में यूपी-100 की नियमावली में इस आदेश को समाहित करने के लिए कहा गया है। यूपी-100 के प्रभारी अमर सिंह ने पीआरवी गाडी पर नियुक्त पुलिस कर्मियों की बैठक लेकर इस आदेश की उन्हें जानकारी दी।
डीजीपी कार्यालय से इस संबंध में आदेश प्राप्त हुए हैं। यूपी-100 पर आने वाली पुलिस कर्मियों की शिकायतों की प्राथमिकता से जांच कराई जाएगी। दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- सुभाष चंद्र शाक्य, एएसपी देहात