मंगलवार रात खेत से लौट रहे युवक की बाइक किसी वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार को सरकारी अस्पताल पहुंचे कुछ लोगों ने युवक की पहचान कर घरवालों को सूचना दी तो कोहराम मच गया।
मूलरूप से गांव जुझारपुर के रहने वाले डाकघर के सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रेम सागर त्रिवेदी वर्तमान में पुवायां के मोहल्ला गढ़ी में रह रहे हैं। उनकी गांव नाहिल में जमीन है। प्रेमसागर के 35 वर्षीय पुत्र सतेंद्र मंगलवार शाम चार बजे बाइक से नाहिल में खेत देखने गए थे। रात में घर लौटते वक्त किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे सतेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सतेंद्र के शव को पुवायां के सरकारी अस्पताल भेज दिया। रात में शिनाख्त के प्रयास किए गए, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
बुधवार सुबह पुलिस ने शव को लावारिस में दाखिल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी। इसी बीच दवा लेने अस्पताल पहुंचे कुछ लोगों ने सतेंद्र की पहचान कर उनके घरवालों को खबर दी, इससे घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग रोते बिलखते अस्पताल पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सतेंद्र पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी मौत से पत्नी रेखा, पिता प्रेमसागर, मां मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। सतेंद्र के दो बच्चे पांच वर्षीय बेटी रिमझिम और तीन वर्षीय बेटा श्रेष्ठ है।