शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय ने स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को राहत देते हुए पंजीकरण और प्रवेश की तिथि एक बार फिर बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी 24 सितंबर तक संबंधित संस्थान में प्रवेश ले सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रहित और संबद्ध महाविद्यालयों के अनुरोध को देखते हुए यह निर्णय किया है।
प्रवेश समन्वयक प्रो. आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि समर्थ पोर्टल के माध्यम से प्रवेश के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया 19 सितंबर से शुरू होगी। इसके लिए 200 रुपये प्रति छात्र की दर से शुल्क जमा करना होगा। पंजीकरण कराने के बाद संबंधित संस्थान में प्रवेश लेने की अंतिम तिथि 24 सितंबर निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों को निर्धारित अवधि में पंजीकरण और प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
एलएलएम प्रवेश परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों के लिए भी प्रवेश की अंतिम तिथि 24 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, प्राचार्यों और संबद्ध महाविद्यालयों को निर्धारित तिथि के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विद्यार्थियों को प्रवेश की विस्तारित तिथि की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश की तिथि बढ़ाए जाने के कारण शासन की ओर से निर्धारित शैक्षणिक कैलेंडर प्रभावित नहीं होगा। इसके लिए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कक्षाएं संचालित कर शैक्षणिक कैलेंडर के सभी मानकों को पूरा कराया जाएगा।