तिलहर। पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय में शनिवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इस मौके पर एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी शशिभूषण ने छात्र-छात्राओं को नारी सुरक्षा की शपथ दिलाई। सभी ने नारी सम्मान और समान अधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता लाने का संकल्प किया। बाद में छात्र-छात्राओं के बीच नारा लेखन प्रतियोगिता कराई गई।
प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं ने प्रभावशाली नारों के जरिए नारी सशक्तीकरण और अपराधों की रोकथाम का संदेश दिया। इससे पूर्व, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी प्राचार्य डॉ. नरेश पाल ने कहा कि नारी सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
शिक्षण संस्थानों को इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। व्यवस्था में विशाल शर्मा, वैभव वर्मा, छोटी बिटिया, चरन बिहारी आदि का सहयोग रहा। संवाद