जलालाबाद। मीरानपुर कटरा-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर रविवार रात बेकाबू गति से दौड़ती कार ने दो बाइकों को रौंद दिया। इसमें दोनों बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। बाइक सवार हेल्मेट नहीं लगाए थे।
जलालाबाद कस्बे के मोहल्ला यूसुफजई निवासी शबाब का करीब 25 वर्षीय बेटा शहजाद अपने दोस्त नसीम के साथ याकूबपुर तिराहा स्थित ढाबे पर खाना खाने गया था। नसीम कस्बे के मोहल्ला महाजनान का निवासी है। खाना खाने के बाद रात करीब नौ बजे बाइक पर दोनों दोस्त घर लौट रहे थे। रास्ते में बिहारी वाटिका के पास उनकी बाइक में पीछे से आई कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे पहले इसी कार ने एक दूसरी बाइक में टक्कर मारी थी। दूसरी बाइक पर बदायूं के थाना दातागंज क्षेत्र के गांव लहड़री निवासी बुधपाल था, जो गंभीर रूप से घायल हो गया। वह अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां देर रात शहजाद की इलाज के दौरान मौत हो गई। उधर, हादसे के बाद पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया।
पेड़ गिरने से दो पशुओं की मौत
जलालाबाद। रविवार देर शाम अचानक आए तेज हवा के झोंके से गांव लहसड़ी में जामुन का एक पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से दो पशुओं की मौत हो गई। पेड़ वहां के सुखपाल के घर के बाहर खड़ा था। तहसीलदार अजय कुमार ने बताया कि हादसे का पता लगने पर लेखपाल को मौका मुआयना करने भेजा गया है।