उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिए
केंद्र सरकार की उज्जवला योजना के तहत भाजपा के पुवायां नगर प्रभारी गंगाराम मिश्रा ने रविवार को गरीब परिवार की 60 महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सभी वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जन धन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के बाद उज्जवला योजना शुरू की गई है। गरीब परिवार के लोगों को गैस कनेक्शन मिल जाने पर महिलाओं को लकड़ी और कंडों से चूल्हे पर खाना बनाने से मुक्ति मिल सकेगी। पुवायां इंडेन गैस एजेंसी पर गैस कनेक्शन पाकर महिलाएं काफी खुश दिखीं। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश अवस्थी, नगर अध्यक्ष मुनेश मिश्रा, एजेंसी स्वामी विनीत सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।