बाइक सहित शारदा नहर में गिरा युवक
शनिवार रात बहन के घर जा रहा एक युवक बाइक सहित शारदा नहर में जा गिरा। रविवार सुबह जानकारी होने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश कराई, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। पुलिस को तहरीर दी गई है। गांव जठियापुर खुर्द निवासी अखिलेश कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका 24 वर्षीय भाई राजकुमार 28 मई की शाम अपने बहनोई रामनिवास के घर सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव जसवंतपुर उर्फ नौगवां गया था। रविवार सुबह पता चला कि राजकुमार बहनोई के घर नहीं पहुंचा है। परिवार के लोग राजकुमार की तलाश में निकले तो गांव नवाबपुर गंगा के पुल के पास दुकान करने वालों ने बताया कि रात में कोई नहर में गिर गया था। उसने बचाने के लिए शोर भी मचाया था, लेकिन रात होने के कारण कोई नहर में घुसने का साहस नहीं जुटा सका। जानकारी पाकर राजकुमार के परिवार के लोगों ने गोताखोरों की मदद से नहर में तलाश कराई तो राजकुमार की बाइक नहर में मिल गई, लेकिन राजकुमार का कोई पता नहीं चल सका। राजकुमार का पता नहीं चलने से परिवार में कोहराम मचा है।