फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोजा औद्योगिक आस्थान में सड़क निर्माण सामग्री की होगी गुणवत्ता जांच

विज्ञापन
शाहजहांपुर के विकास भवन सभागार में उद्योग बंधु की बैठक को संबोधित करतीं सीडीओ प्ररेणा शर्मा। सं? - फोटो : SHAHJAHANPUR
विज्ञापन
शाहजहांपुर। उद्यमियों की समस्याओं के निस्तारण को विकास भवन सभागार में बृहस्पतिवार को जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई। हमेशा की तरह इस बैठक में जमौर औद्योगिक आस्थान में बिजली संकट, अग्निशमन केंद्र की कमी और रोजा औद्योगिक आस्थान में उद्योग इकाइयों के सामने जलभराव आदि समस्याएं प्रमुखता से उठीं। अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी प्रेरणा शर्मा ने उद्योग विभाग के उपायुक्त को रोजा औद्योगिक आस्थान में किए जा रहे सड़क निर्माण की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

गत मानसून सीजन में रोजा औद्योगिक आस्थान में सड़क जर्जर और नालियां टूटी होने से वहां की कई औद्योगिक इकाइयों के गेट पर कीचड़ और जलभराव से उद्यमी खासे परेशान रहे। आईआईए (इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल और चैप्टर चेयरमैन अभिनव ओमर के प्रयासों से वहां सड़क निर्माण का कार्य शुरू हुआ, लेकिन आज हुई बैठक में रोजा के उद्यमियों ने सड़क निर्माण में लगाई जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने सीडीओ को बताया कि कार्य की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं है और ठेकेदार द्वारा घटिया निर्माण सामग्री लगाई जा रही है। यह भी बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में कई जगह निर्माण रुका होने से फैक्टरियों के गेट पर नालियों का पानी जमा हो रहा है। इस पर सीडीओ ने उद्योग उपायुक्त दुर्गेश कुमार को रोजा इंडस्ट्रियल इस्टेट का स्वयं भ्रमण कर सड़क निर्माण में लगाई जा रही सामग्री की गुणवत्ता जांच करने के निर्देश दिए।
जमौर में फायर स्टेशन स्थापना से यूपीसीडा उदासीन
इससे पूर्व, जमौर औद्योगिक क्षेत्र में शासन से प्रस्तावित अग्निशमन केंद्र की प्रगति के बारे पूछे जाने पर अग्निशमन अधिकारी रेहान अली ने सीडीओ को बताया कि भूमि हेतु प्रस्ताव कई बार यूपीसीडा को भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई उत्तर प्राप्त नहीं हुआ। चैप्टर चेयरमैन ने बताया कि यह प्रकरण मंडलीय उद्योग बंधु भेज दिया गया है और इस वजह से यूपीसीडा के स्तर से समस्याओं के निस्तारण में परेशानी हो रही है। इस पर एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी ने उद्योग बंधु की अगली बैठक यूपीसीडा के अधिकारियों की मौजूदगी में कराने के निर्देश दिए। बैठक में रामचंद्र सिंघल, रोहित गोयल, सुरेश सिंघल, संजीव अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, शुभम खन्ना आदि उद्यमी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें