तिलहर। कछियानी खेड़ा में शनिवार दोपहर धर्मशाला की रेलिंग पर लगा होर्डिंग उतारते समय दो युवक 11 केवीए बिजली लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से दोनों झुलसकर बेहोश हो गए। हालत बिगड़ने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। परिजन बेहतर उपचार के लिए दोनों को बरेली के निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है।
कुंवरगंज निवासी भारतीय जनता युवा मोर्चा के सिद्धार्थ गुप्ता और मोहल्ला उम्मरपुर निवासी महामंत्री आयुष रस्तोगी शनिवार दोपहर करीब एक बजे कछियानी खेड़ा स्थित एक धर्मशाला में होर्डिंग उतार रहे थे। यह होर्डिंग संकल्प सेवा अभियान के तहत वडनगर से वाराणसी तक निकाली गई सेवा यात्रा के एक अक्तूबर को आयोजित स्वागत कार्यक्रम से संबंधित था। होर्डिंग उतारते समय धर्मशाला की रेलिंग में अचानक बिजली लाइन का करंट उतर आया। इसकी चपेट में आने से दोनों युवक बेहोश हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें बरेली के निजी अस्पताल ले गए।
विद्युत निगम के एसडीओ अतुल गुप्ता ने बताया कि करंट एंगल में उतर आने से दो लोगों के झुलसने की जानकारी आई है। टीम को भेज कर जांच कराई जा रही है।