अल्हागंज (शाहजहांपुर)। नहाने के लिए शनिवार की शाम रघुनाथपुर गांव के पास रामगंगा में गए दो युवक डूब गए। युवकों के साथ गए किशोर की सूचना पर नायब तहसीलदार रोहित कटियार देर शाम पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से नदी में डूबे युवकों की तलाश कराई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका।
हरदोई के रूपापुर स्थित डीसीएम चीनी मिल में कार्यरत दिवाकर विक्रम सिंह के 18 वर्षीय पुत्र उत्कर्ष उसी चीनी मिल में कार्यरत अमन श्रीवास्तव के 18 वर्षीय पुत्र सर्वज्ञ स्कूटी से संग में निकले थे। उनके साथ चीनी मिलकर्मी रामशंकर का पुत्र काव्य भी था। सभी रघुनाथपुर में नदी किनारे पहुंचे। सर्वज्ञ और उत्कर्ष नहाने चले गए जबकि काव्य किनारे पर खड़ा रहा। थोड़ी देर दोनों को डूबता देख काव्य ने शोर मचाया। इसके बाद काव्य ने गांव के एक व्यक्ति को दोनों युवकों के डूबने की जानकारी दी। थाना प्रभारी ओमप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी ने बताया कि नदी में डूबे युवकों की तलाश के लिए फर्रुखाबाद के पांचाल घाट से गोताखोरों को बुलाया गया है।