खुटार (शाहजहांपुर)। पुलिस ने लखीमपुर के दो लोगों को अलग-अलग स्थानों से अफीम के साथ पकड़ा है। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर खुटार पुलिस ने बुधवार को खुटार मैलानी रोड पर ओवरब्रिज के पास चेकिंग शुरू की। चेकिंग के के दौरान एक बाइक सवार पीछे मुड़कर भागने लगा तो उसे पकड़ लिया गया। युवक के पास से 375 ग्राम अफीम बरामद की गई। पकड़े गए लखीमपुर के थाना मैलानी के गांव जुझारपुर निवासी श्रीचंद को थाने लाकर पूछताछ की गई, लेकिन वह पुलिस को बरगलाता रहा।
उधर खुटार गोला बाइपास रोड पर चेकिंग के दौरान पैदल जा रहे लखीमपुर के थाना फरधान के गांव कुर्रैया निवासी नितिन को रोककर उसके थैले की तलाशी ली गई तो थैले से 360 ग्राम अफीम बरामद की गई। नितिन अफीम को ट्रक चालकों को फुटकर बिक्री करता है। सीओ के अनुसार दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों से अफीम लाने के स्थान और लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है। दोनों का चालान किया जाएगा।