तिलहर (शाहजहांपुर)। गांव बंधा में एटा से समूह बनाने के लिए आईं ब्लॉक कर्मी दो महिलाएं शनिवार की शाम चाय पीने के बाद बेहोश हो गईं। उन्हें सीएचसी लाया गया जहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि साथ में गईं दो और महिलाओं की भी तबीयत बिगड़ गई। राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
तिलहर की ग्राम पंचायत बंधा में लगभग 15 दिन पहले महिलाओं का समूह बनाने के लिए एटा से पांच महिलाएं आईं थीं। उन्हें गांव के पंचायत भवन में ठहराया गया है। ये महिलाएं कम्यूनिटी रिसोर्स पर्सन (आईसीआरपी) के पद पर तैनात हैं। ब्लॉक मिशन मैनेजर अनुज ने बताया कि शनिवार शाम महिलाओं ने गांव में पड़ोसी से दूध मंगाकर चाय बनाई थी। चार महिलाओं ने चाय पी जबकि एक महिला ने चाय नहीं पी। चाय पीने के बाद रिचा निवासी गांव हुआ थाना जैथरा जिला एटा और कल्पना निवासी गांव नगला खुंदरी थाना जैथरा (एटा) बेहोश हो गईं। सूचना पर ग्राम प्रधान के परिजनों ने उन्हें तत्काल सीएचसी पहुंचाया।
डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद महिलाओं को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। डॉक्टर शजर ने बताया कि महिलाएं बेहोश थीं लेकिन उन्हें उल्टी नहीं हो रही थी। हो सकता है कि अनजाने में चाय में कोई विषैली वस्तु मिल गई हो। डॉक्टर के मुताबिक उन्होंने तिलहर पुलिस को भी सूचना दे दी है। प्रधान रक्षपाल ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में पहुंचने के बाद साथ गईं दो महिलाओं की भी तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टर ने उन्हें भी देखा है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के बाद महिलाओं की छुट्टी कर दी गई है।